रतनगढ (राजस्थानलिंका.काॅम) - अखिल भारतीय किसान सभा के आह्वान पर 25 फरवरी 2026 को एसडीएम कार्यालय रतनगढ पर आयोजित होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियों को लेकर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। गांव-गांव बैठकों के माध्यम से किसानों को महापंचायत में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। बुधवार को बीरमसर, बछरारा, जांदवा, खुडेरा, मालिसर छोटा, रतनसरा, खारिया सेहला, दाउदसर, कांगड एवं लधासर गांवों में व्यापक जनसंपर्क किया गया। अभियान का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान सभा रतनगढ़ के अध्यक्ष कॉमरेड भादर भामू ने किया। उनके साथ तहसील सचिव गोपीचंद खीचड़, जिला कार्यकारिणी सदस्य बिरजूराम, राजलदेसर उपाध्यक्ष विजयपाल कड़वासरा तथा किसान नेता गिरधारी पूनिया उपस्थित रहे। बैठकों को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के किसान भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा नहीं मिलने, सौर ऊर्जा कंपनियों की मनमानी, फसल नुकसान की भरपाई में देरी, बिजली आपूर्ति की अनियमितता, सिंचाई पानी की कमी, आवारा पशुओं से फसलों को भारी नुकसान, बढ़ती कृषि लागत तथा उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिलने जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। किसानों की जमीन और मेहनत पर किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने समय रहते समाधान नहीं किया तो किसान सभा आंदोलन को तेज करेगें। किसान नेताओं ने जानकारी दी कि 25 फरवरी की महापंचायत में अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य कमेटी सदस्य कॉमरेड निर्मल प्रजापत एवं किसान सभा हनुमानगढ़ जिला सचिव कॉमरेड मंगेज चैधरी भी उपस्थित रहकर किसानों को संबोधित करेंगे। महापंचायत में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।