रतनगढ़ (राजस्थानलिंक.काॅम) - अखिल भारतीय किसान सभा, ब्लॉक रतनगढ़ के नेतृत्व में किसानों एवं आमजन की समस्याओं को लेकर बुधवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय के समक्ष किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। इससे पहले किसान भवन से मुख्य बाजार होते हुए एसडीएम कार्यालय तक विशाल रैली निकाली गई। रैली के दौरान किसानों ने “किसान एकता जिंदाबाद”, “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों के साथ अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। महापंचायत की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष भादर भामू व सचिव गोपीचंद खीचड़ ने की तथा मुख्यमंत्री के नाम 25 सूत्रीय मांगपत्र उपखंड अधिकारी को सौंपा गया। महापंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष कॉमरेड इंद्राज सिंह ने एमएसपी पर कानून बनाने, किसानों को कर्जमुक्त करने तथा लंबित फसल बीमा क्लेम तुरंत जारी करने की मांग की। जिला सचिव कॉमरेड उमराव सारण ने स्मार्ट मीटर पर रोक, किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति, 100 यूनिट मुफ्त बिजली तथा आरडीएसएस योजना में पारदर्शिता की आवश्यकता बताई। जिला कार्यकारिणी सदस्य रामकृष्ण छींपा,बिरजूराम खीचड़ ने मनरेगा में 200 दिन रोजगार, 600 रुपये मजदूरी, इसे खेती से जोड़ने तथा खेत कुंड व आवासीय पट्टों की मांग उठाई। जिला संयुक्त मंत्री कॉमरेड रामनारायण रुलानिया,मदनलाल जाखड़ ,बिशनलाल रुलानिया,खींवाराम ख्यालिया, शमशेर भालू खान,कालूराम नाई ने 765 केवी लाइन से प्रभावित किसानों को चार गुना मुआवजा, एनएच के 75 मीटर भूमि प्रतिबंध में संशोधन तथा नीलामी पर रोक लगाने की मांग की।राजलदेसर में भ्रष्टाचार की जांच, जल जीवन मिशन व अन्य विकास कार्यों में अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग की।
चूरू सचिव शमशेर भालू खान ने रतनगढ़ में कृषि उपज मंडी की स्थापना, राजलदेसर में पंचायत समिति गठन, पशु मेले शुरू करने, मिड-डे मील की ठेका प्रथा समाप्त करने तथा पेयजल योजनाओं को शीघ्र चालू करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसान सभा आंदोलन को और तेज एवं व्यापक किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन रामकिशन भामू ने किया।