रतनगढ़ (राजस्थानलिंक.काॅम) - अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की सुनीता राव ने राजस्थान विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान वैर (भरतपुर) से भाजपा विधायक बहादुर सिंह कोली द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि सदन के भीतर बजट की तुलना ‘छोरा-छोरी’ (बेटा-बेटी) के जन्म से करना महिलाओं का अपमान और सामंती मानसिकता का परिचायक है। किसी जनप्रतिनिधि द्वारा ‘छोरा पैदा होने पर काम आता है’ और ‘छोरी पैदा होने पर विपक्ष में बैठना पड़ता है’ जैसे वक्तव्य देना न केवल लैंगिक भेदभाव को बढ़ावा देता है, बल्कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे सरकारी नारों की भी पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएँ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता सिद्ध कर रही हैं, तब इस प्रकार की पितृसत्तात्मक भाषा लोकतंत्र और सामाजिक मूल्यों पर काला धब्बा है। महिला समिति ने मांग की है कि भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री इस प्रकरण पर संज्ञान लें तथा संबंधित विधायक के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करें। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष से भी आग्रह किया गया है कि उक्त टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाते हुए विधायक को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के निर्देश दिए जाए। समिति ने स्पष्ट किया कि यदि इस प्रकार की महिला-विरोधी मानसिकता पर रोक नहीं लगाई गई, तो संगठन प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगा।