अखिल भारतीय किसान सभा रतनगढ़ की बैठक संपन्न

रतनगढ़ (राजस्थानलिंक.काॅम) - अखिल भारतीय किसान सभा रतनगढ़ की बैठक कॉमरेड भादर भामू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 21, 22 एवं 23 अगस्त को तारानगर में आयोजित होने वाले संगठन के प्रांतीय सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न साथियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में खरीफ 2026 की फसल के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों के प्रीमियम कटान तथा क्रॉप कटिंग के आधार पर मिलने वाले बीमा दावों (क्लेम) से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही गांव-गांव में किसान सभा की ग्राम कमेटियों के गठन, संगठन के विस्तार तथा अधिक से अधिक किसानों को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में किसानों की बिजली, पेयजल, सिंचाई एवं खाद से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया तथा इन समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष को तेज करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में राजलदेसर किसान सभा सचिव संजय कड़वासरा, संयोजक रामकिशन भामू ,जाकिर हामुसर, धन्नाराम बिस्सू , रामूराम कलवानिया, रामप्रताप कलवानिया, सोहन कड़वासरा, निसार खां, सहीराम धेतरवाल सहित कई किसान उपस्थित थे। 

Top News :