रतनगढ़ में संघ के खेल कुंभ का आयोजन, 180 युवाओं ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

रतनगढ़ (राजस्थानलिंक.कॉम) - राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में युवाओं में स्वावलंबन, व्यक्तित्व विकास एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार देर शाम भानीधोरा के पीछे स्थित मैदान में खेल कुंभ का आयोजन किया गया। देशभर में आयोजित किए जा रहे इस अभियान के तहत रतनगढ़ में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में नगर की 10 बस्तियों की लगभग 20 टीमों के करीब 180 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में रस्साकशी, कबड्डी सहित विभिन्न पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगत सिंह बस्ती, वीर अर्जुन बस्ती, एवं महाराणा प्रताप बस्ती की टीमें विजेता रही। विजेता टीमों को मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता का चित्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अभिनेश महर्षि थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भामाशाह भींवराज सोनी एवं जगदेव सांखोलिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह विभाग कार्यवाह संतोष कुमार ने की। इस अवसर पर सह विभाग कार्यवाह संतोष कुमार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं की उपयोगिता तथा भारत के समग्र विकास के लिए पंच परिवर्तन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, "भारतवर्ष के समग्र उत्थान के लिए युवा शक्ति का स्वस्थ, स्वावलंबी एवं ऊर्जा से भरपूर होना आवश्यक है। इसके लिए खेलकूद, योग एवं प्राणायाम को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।" उन्होंने कहा कि- "सामाजिक समरसता, संयुक्त परिवार एवं आपसी स्नेह, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण, स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग तथा नागरिक कर्तव्यों का पालन—ये पंच परिवर्तन भारत को सशक्त बनाने के महत्वपूर्ण आधार हैं।" उन्होंने सभी नागरिकों से इन समाजोपयोगी संकल्पों को अपनाने का आह्वान किया। कबड्डी के निर्णायक कन्हैयालाल चौमाल एवं नागरमल प्रजापत रहे । कार्यक्रम में अर्जुन सिंह फ्रांसा, ओम महर्षि, महेश सैनी , बंटी नाथोलिया, नितिन कुमार , अरविंद मिश्रा , रामलाल स्वामी,अमित उपाध्याय , प्रवीण सिंवाल , बलवीर स्वामी, ओमप्रकाश जोशी, अरुण पचलंगिया, बादल महर्षि, उदय प्रकाश दाधीच, राजेन्द्र प्रसाद चांदगोठिया, महेश जोशी , लोकेश मंगलहारा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर कार्यवाह कृपाशंकर स्वामी ने किया। 

Top News :