रतनगढ़ (राजस्थानलिंक.काॅम) - अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा 25 फरवरी को आयोजित होने वाली किसान महापंचायत की तैयारियों के तहत आज विभिन्न गांवों में व्यापक जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। इस दौरान लाछडसर, परसनेऊ, आलसर बास, आलसर, जेगनिया बिकान, जेगनिया बिदावतान, दस्सुसर, पड़िहारा, सिमसिया, भावनदेसर एवं रतनादेसर गांवों में किसान बैठकों का आयोजन कर महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया। बैठकों को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन सरकार और संबंधित विभाग उनकी अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की किसी भी कोशिश का विरोध किया जाएगा और अखिल भारतीय किसान सभा किसी भी स्थिति में स्मार्ट मीटर नहीं लगाने देगी। पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि फसल खराब होने के बावजूद बड़ी संख्या में किसानों के बीमा क्लेम लंबित पड़े हैं, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और बीमा कंपनियों से तुरंत बकाया बीमा क्लेम का भुगतान करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अभियान का नेतृत्व रतनगढ़ अध्यक्ष कॉमरेड भादर भामू एवं सचिव गोपीचंद खीचड़ ने किया। जिला उपाध्यक्ष मदनलाल जाखड़, ब्लॉक उपाध्यक्ष महेंद्र बरोड़, कानूनी सलाहकार एडवोकेट बिशनलाल रुलानिया तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य बिरजूराम, बजरंग सिंह, श्रवण मेघवाल, राजलदेसर सचिव विजयपाल कड़वासरा ,धनाराम बिस्सू ,एवं गिरधारी घिंटाला भी जनसंपर्क अभियान में शामिल रहे।किसान सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि 25 फरवरी की किसान महापंचायत में स्मार्ट मीटर विरोध, बकाया बीमा क्लेम भुगतान सहित किसानों के प्रमुख मुद्दों पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। सभी किसान साथियों से एकजुट होकर बड़ी संख्या में पहुंचने और महापंचायत को सफल बनाने की अपील की गई।