जनगणना ड्यूटियों में संवेदनशीलता बरतने की मांग, प्रशासन ने दिया सकारात्मक आश्वासन

रतनगढ़ (राजस्थानलिंक.काॅम) - राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत, उपशाखा रतनगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने सभाध्यक्ष रामचंद्र ऐचरा के नेतृत्व में उपखंड अधिकारी मिथिलेश कुमार से मुलाकात कर जनगणना ड्यूटियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। ब्लॉक सचिव मुरलीधर अजमेरिया एवं संघर्ष समिति संयोजक बजरंग बिस्सू ने बताया कि संगठन ने विशेष रूप से महिला शिक्षकों, दिव्यांग शिक्षकों, बीमार शिक्षकों, सेवानिवृत्ति के निकट कार्यरत शिक्षकों तथा छोटे बच्चों वाली महिला शिक्षकों को ड्यूटी निर्धारण में प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता बरतने की मांग रखी।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से कहा कि ड्यूटी आवंटन करते समय इन श्रेणियों के शिक्षकों को राहत दी जाए, जिससे वे अपनी पारिवारिक, स्वास्थ्य संबंधी एवं व्यक्तिगत जिम्मेदारियों के साथ संतुलन बनाए रख सकें।उपखंड अधिकारी मिथिलेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इन सभी विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए जनगणना ड्यूटियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। वार्ता में प्रांतीय संयुक्त मंत्री शुभकरण नैण, उपसभाध्यक्ष महेंद्र सिंह शेखावत एवं वरिष्ठ शिक्षक नेता महेंद्र हुड्डा भी उपस्थित रहे। 

Top News :