Search
Add Listing

किसानों का बढ़ता आक्रोश, 13 मार्च को चूरू में रेल रोको आंदोलन

रतनगढ़ (राजस्थानलिंक.काॅम) - अखिल भारतीय किसान सभा ने किसानों के बकाया फसल बीमा क्लेम सहित विभिन्न मांगों को लेकर 13 मार्च को चूरू में रेलवे ट्रैक जाम कर रेल रोको आंदोलन करने की चेतावनी दी है। संगठन के रतनगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष भादर भामू ने राजलदेसर से और ब्लॉक सचिव गोपीचंद खीचड़ ने रतनगढ़ से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वर्ष 2021 से 2023 के दौरान जिले के किसानों का करीब 1400 करोड़ रुपये का फसल बीमा क्लेम अब तक बकाया पड़ा है। लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण किसानों में भारी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर विगत दिनों जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर किसान महापंचायतों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर सरकार का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित किया। इसके बाद 06 मार्च को किसान सभा की जिला कमेटी ने चूरू में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 13 मार्च को रेल रोको आंदोलन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस आंदोलन के माध्यम से किसान वर्ष 2021 से 2023 तक के लंबित फसल बीमा क्लेम का तत्काल भुगतान, फसल कटाई के आधार पर बीमा क्लेम तय करने, किसानों को दिन के समय पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने, सिंचाई के लिए पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा की व्यवस्था करने, मनरेगा में 200 दिन रोजगार की गारंटी देने, मजदूरी बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने तथा ग्रामीण मजदूरों के लिए पेंशन व्यवस्था लागू करने जैसी मांगों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने किसानों की इन जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो किसान आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। 13 मार्च को प्रस्तावित रेल रोको आंदोलन में जिलेभर के किसान बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। 

Top News :