रतनादेसर-बीनादेसर में तीन साल से बनी पानी की टंकी शोपीस बनी, किसान सभा ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

रतनगढ़ (राजस्थानलिंक.काॅम) - अखिल भारतीय किसान सभा रतनगढ़ के नेतृत्व में आज उपखंड कार्यालय रतनगढ़ में ग्रामीणों की पेयजल समस्या को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि रतनादेसर एवं बीनादेसर गांवों में जल जीवन मिशन (आपणी योजना) के तहत लगभग तीन वर्ष पूर्व पानी की टंकियों का निर्माण किया गया था, लेकिन आज तक ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पाया है तथा टंकियां बिना पानी के शोपीस बनी हुई हैं।
किसान सभा तहसील अध्यक्ष कॉमरेड भादर भामू, किसान नेता रामकिशन भामू, विजयपाल कड़वासरा, गिरधारी घिंटाला, भीम सेना अध्यक्ष श्रवण तथा जाबिर हामूसर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र पेयजल आपूर्ति शुरू करवाने की मांग की। ज्ञापन के बाद उपखंड अधिकारी मिथिलेश कुमार की अध्यक्षता में वार्ता आयोजित हुई, जिसमें आपणी योजना के एईएन एवं एक्सईएन भी उपस्थित रहे। वार्ता में प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि बीनादेसर से लाछड़सर के बीच गलत तरीके से डाली गई पानी की लाइन को हटाकर नए सिरे से सड़क के किनारे डाला जाएगा। साथ ही वर्तमान में उपलब्ध दो टैंकरों के स्थान पर पेयजल आपूर्ति के लिए चार टैंकर उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में स्थायी समाधान नहीं किया गया तो अखिल भारतीय किसान सभा ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन करेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर चांदखा हरिराजकुमा, राजकुमार गिल, बीनादेसर सरपंच तुलछीराम, केसराराम बेल्ड, डूंगर ब्राह्मण, नानूसिंह रतनादेसर, धनजी भिसू, तोलाराम बेल्ड, उदचंद बेरड़, ओमप्रकाश, श्रीभगवान शर्मा, नीरज शर्मा, मांगीलाल शर्मा, सुभाष शर्मा, मुकेश शर्मा, लालचंद शर्मा सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। 

Top News :