रतनगढ़ (राजस्थानलिंक.काॅम) - अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सीकर सांसद कॉमरेड अमराराम का रतनगढ़ में स्वागत किया गया। सरदारशहर में आयोजित किसान महापंचायत के बाद सुजानगढ़ जाते समय रतनगढ़ पहुंचे, जहां किसान नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर उनके साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राज्य महासचिव कॉमरेड किशन पारीक, किसान सभा के नागौर जिलाध्यक्ष भागीरथ नेतड़ भी मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम तहसील अध्यक्ष कॉमरेड भादर भामू के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व पंचायत समिति प्रधान गिरधारीलाल बांगड़वा ने अतिथियों का शाब्दिक स्वागत किया। कॉमरेड अमराराम ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां लगातार किसान और मजदूर विरोधी रही हैं। उन्होंने प्रस्तावित अमेरिकी ट्रेड डील को देश के कृषि क्षेत्र के लिए नुकसानदेह बताते हुए कहा कि इससे सस्ते विदेशी कृषि उत्पादों का आयात बढ़ेगा, जिससे देश के किसानों की फसलों के उचित दाम मिलने पर खतरा पैदा होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी नीतियां देश की खाद्य सुरक्षा और किसानों की आत्मनिर्भरता को भी कमजोर करेंगी।
उन्होंने चार लेबर कोड को मजदूरों के अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि इससे श्रमिकों की नौकरी की सुरक्षा कम होगी और उनके सामाजिक एवं आर्थिक अधिकार कमजोर होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसान और मजदूर की लड़ाई अलग-अलग नहीं है, बल्कि यह संयुक्त संघर्ष है, जिसे एकजुट होकर आगे बढ़ाना होगा। कॉमरेड अमराराम ने कहा कि संसद के भीतर इंडिया गठबंधन किसान-मजदूर विरोधी नीतियों का मजबूती से विरोध कर रहा है और सड़कों पर भी जनआंदोलन के माध्यम से इन नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने, किसान-मजदूर एकता को और सुदृढ़ करने तथा जनसंघर्ष को तेज करने का आह्वान किया।इस दौरान किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष कॉमरेड मदनलाल जाखड़, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद चाकलान, जिला कार्यकारिणी सदस्य बिरजूराम खीचड़, पूर्व सेवादल जिलाध्यक्ष अजय बणसिया,भागीरथ खीचड़, सीताराम झाझडिया,ओमप्रकाश तालनिया, रामकिशन भामू, विजयपाल कड़वासरा,मनीष जाखड़, संजय ,गिरधारी घिंटाला, बजरंग सिंह राजपूत ,धनजी बिस्सू ,तेजाराम, महिपाल नैणसहित किसान सभा एवं अन्य संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।