रतनगढ़ (राजस्थानलिंक.काॅम) - अखिल भारतीय किसान सभा ने 25 फरवरी को एसडीएम कार्यालय रतनगढ़ पर प्रस्तावित किसान महापंचायत को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। अखिल भारतीय किसान सभा के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में किसान संपर्क अभियान चलाकर किसानों को महापंचायत में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। जनसंपर्क यात्रा का नेतृत्व ब्लॉक अध्यक्ष कॉमरेड भादर भामू ने किया। उनके साथ सचिव गोपीचंद खीचड़, बिरजूराम, कालूराम नाई,विजयपाल कड़वासरा, श्रवण मेघवाल, जाबिर खान और रामकिशन भामू भी शामिल रहे। टीम ने किसानों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए आगे आने का आह्वान किया। यह संपर्क यात्रा सुबह बंडवा से शुरू हुई और दिनभर अलग-अलग चरणों में बीनादेसर, बलरामपुरा, सिकराली, हामुसर, पाबूसर, हंसासर, गोलसर, नौसरिया, चांपावासी, गोपालपुरिया, बरजांगसर, जैतासर और भानुदा सहित कई गांवों तक पहुंची।किसान नेताओं ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसानों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए संगठित होना जरूरी है। महापंचायत किसानों की सामूहिक आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने का मंच बनेगी। संपर्क अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। किसान सभा ने सभी किसान साथियों से 25 फरवरी को रतनगढ़ पहुंचकर अपनी एकता और ताकत का परिचय देने की अपील की।