सालासर (राजस्थानलिंक.काॅम) – 8 मार्च 2026 को जिला स्टेडियम, चूरू में आयोजित होने वाली विशाल पूर्व सैनिक रैली को लेकर गौरवशाली सैनानी समिति सुजानगढ़-बीदासर द्वारा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष सूबेदार मेजर रतनलाल ढाका (से.नि.) एवं नायब सूबेदार रामनिवास तेतरवाल (से.नि.) ने सुजानगढ़, बीदासर, सालासर, कोलासर, मलसीसर, मालासी, राजियासर और बामणिया सहित दर्जनों गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं से मुलाकात कर रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
समिति के सदस्य रामनिवास तेतरवाल ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी विसंगतियों को दूर करना है। रैली में स्पर्श पोर्टल और ईसीएचएस से जुड़ी समस्याओं के निवारण के लिए विशेष डेस्क लगाई जाएगी। साथ ही, कार्यक्रम में वीर नारियों और वीरांगनाओं का विशेष सम्मान किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि रैली में शामिल होने वाले पूर्व सैनिकों के लिए आने-जाने तथा जलपान व भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई है। रैली प्रातः 9 बजे जिला स्टेडियम चूरू में शुरू होगी। इस दौरान समिति के अन्य सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।