सालासर (राजस्थानलिंक.काॅम) - चैत्र पूर्णिमा पर लक्खी मेले के तहत बुधवार को सालासर के मुख्य बाजार व मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से अटा रहा। तड़के 5 बजे से रात नौ बजे तक मंदिर के पट खुले रहे तथा श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। बालाजी महाराज के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने छोटे बच्चों के जड़ूले उतरवाए तथा दीर्घायु की कामना की। इसके अलावा मंदिर परिसर में मनौती का नारियल भी बांधा।

हनुमान सेवा समिति अध्यक्ष सत्यप्रकाश पुजारी ने बताया कि मेले के तहत बुधवार को दूसरे दिन सुबह 5बजे ही मंदिर के पट खोल दिए तथा रात नौ बजे तक करीब 40 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। गुरुवार को पूर्णिमा के चलते रात दो बजे ही पट खोल दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गुरुवार डेढ़ लाख से 2 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह 10 बजे राज भोग आरती की जाएगी। इसके अलावा प्रतिदिन के हिसाब से मंगल आरती, भोग आरती, संध्या आरती ओर शयन आरती भी की जाती है। हनुमान जन्मोत्सव के दिन पुजारी परिवार के द्वारा बालाजी महाराज का चोला बदला जाएगा। मेले में सुरक्षा व निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे, निजी गार्ड व माकूल पुलिस जाप्ता लगाया गया है।