सालासर (राजस्थानलिंक.काॅम) – श्री हनुमान सेवा समिति, सालासर (चूरू) द्वारा समाज सेवा के अंतर्गत सीकर में मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में निराश्रित जनों, दशरथ मनोविकास संस्थान में मानसिक विमंदित बालकों तथा स्वयं सिद्धा आश्रम के रहवासियों के लिए एक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अतिरिक्त जिला कलेक्टर रत्न कुमार स्वामी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, सीकर की उपनिदेशक प्रियंका पारिक एवं श्री हनुमान सेवा समिति, सालासर के अध्यक्ष सत्य प्रकाश पुजारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान श्री हनुमान सेवा समिति, सालासर (चूरू) की ओर से जरूरतमंदों को सर्दी से राहत प्रदान करने हेतु स्वेटर, कंबल एवं जैकेट वितरित किए गए। समिति द्वारा किए गए इस पुनीत एवं मानवीय कार्य की सीकर प्रशासन द्वारा सराहना एवं प्रशंसा की गई।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर रत्न कुमार स्वामी ने अपने उद्बोधन में श्री हनुमान सेवा समिति, सालासर के सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य समाज के कमजोर वर्गों के लिए संबल बनते हैं तथा मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने समिति को भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।