सालासर (राजस्थानलिंक.काॅम) – सिद्धपीठ सालासर धाम में रविवार को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता पहुंचे। राज्यपाल के सालासर पहुंचने पर पुजारी ने बालाजी मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर माला पहनाकर स्वागत किया। राज्यपाल ने बालाजी महाराज के दर्शन कर पूजा अर्चना की और देश प्रदेश में खुशहाली की मनोकामना की। हनुमान सेवा समिति अध्यक्ष सत्यप्रकाश पुजारी, पूर्व अध्यक्ष यशोदानंदन पुजारी, मांगीलाल पुजारी, मनोज पुजारी, मनीष पुजारी, सुरेश पुजारी, जीतमल शर्मा सहित पुजारी परिवार ने राज्यपाल को बालाजी महाराज का दुपट्टा ओढ़कर और बालाजी महाराज की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया।
इसके बाद राज्यपाल ने श्री बालाजी गौशाला संस्थान, सालासर में पधारकर गौमाताओं की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने गौमाताओं को छप्पन भोग प्रसाद अर्पित किया, तुला दान किया तथा गौपूजन एवं गौ आरती कर गौसेवा के प्रति अपनी गहन आस्था एवं समर्पण व्यक्त किया।
अपने संबोधन में माननीय राज्यपाल महोदय ने कहा, “गंगा, गीता और गौमाता ही भारत के निर्माता हैं।” उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने श्री बालाजी गौशाला संस्थान, सालासर में संचालित गौसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां की सेवा वास्तव में राष्ट्रसेवा है।

गौशाला अध्यक्ष रविशंकर पुजारी ने माननीय राज्यपाल महोदय का पुष्पगुच्छ एवं गौमाता का दुपट्टा ओढ़ाकर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि माननीय राज्यपाल महोदय के पावन आगमन से समस्त गौशाला परिवार अत्यंत हर्षित एवं गौरवान्वित है। उनका गौसेवा के प्रति समर्पण एवं प्रेरणादायी विचार समाज को गौसंरक्षण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर बेगाराम ढाका, शिशु कुमार शर्मा, हनुमान प्रसाद शर्मा एवं अन्य गौसेवक उपस्थित थे।