सालासर (राजस्थानलिंक.काॅम) – रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर श्री हनुमान सेवा समिति, सालासर की ओर से देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के लिए 1100 राखियाँ आर्मी हेड क्वाटर दिल्ली भेजी गईं। यह पहल देश की रक्षा में समर्पित जवानों के प्रति श्रद्धा, सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से की गई। समिति की ओर से कहा गया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम और रक्षा के संकल्प का पर्व है। देश के वीर जवान अपने परिवारों से दूर रहकर राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा का दायित्व निभाते हैं। ऐसे में उनके लिए भेजी गई ये 1100 राखियाँ देश की बहनों और नागरिकों के प्रेम एवं सम्मान का प्रतीक हैं।
श्री हनुमान सेवा समिति, सालासर ने जवानों की कलाई पर बंधने वाली प्रत्येक राखी के साथ देशवासियों की शुभकामनाएँ, दुआएँ और राष्ट्र के प्रति उनका सम्मान भी जुड़ा है। समिति ने वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल स्वास्थ्य एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।
इस अवसर पर समिति ने श्री सालासर बालाजी महाराज से प्रार्थना की कि सभी वीर जवानों पर अपनी कृपा बनाए रखें, उन्हें अटूट साहस, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु प्रदान करें तथा प्रत्येक अभियान में विजय प्रदान करें। साथ ही, उनके परिवारों में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहे।